थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के बरगावां गांव में शनिवार सुबह पाटकुआं के प्रधान और एक परिवार के बीच भूमि विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। प्रधान पक्ष ने साथियों संग मिलकर कई राउंड फायरिंग की और दूसरे पक्ष की ओर से बनवाई जा रही दीवार क्षतिग्रस्त कर दी। कोतवाल राकेश चंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों के 52 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बरगावां निवासी रामू ने डेढ़ माह पूर्व हरदोई-पिहानी मार्ग स्थित अपने हिस्से की कुछ जमीन पाटकुआं प्रधान बड़े सिंह को बेच दी थी। प्रधान बड़े सिंह ने जमीन पर दुकानों का निर्माण कराया है। पास में ही रामू के परिवार के अवध बिहारी, ब्रज बिहारी, श्याम व चंद्रपाल की जमीन पड़ी है और उनका घर भी है। ग्रामीणों ने बताया कि रामू के परिवार के लोग अपने घर के सामने पड़ी जमीन पर दीवार उठवा रहे थे। शनिवार सुबह दस असलहाधारी लोगों के साथ प्रधान बड़े सिंह मौके पर पहुंचे। प्रधान ने भूमि को अपना बताते हुए दीवार बनाने पर आपत्ति जताई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रधान और साथियों ने रायफल से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। लगभग एक घंटे तक दबंगों ने उत्पात मचाया। कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल राकेश चंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर एक पक्ष से पांच नामजद और 20 अज्ञात व दूसरे पक्ष से सात नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।