हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र में खाद लेने निकले किसान को बदमाशों ने उठा लिया। तीन दिन बाद किसान की पत्नी के मोबाइल पर फोन कर पांच लाख की फिरौती मांगी। पैसे नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई है। किसान की पत्नी ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बदमाशों का मोबाइल सर्विलांस पर लगाकर अपहृत की तलाश शुरू कर दी है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी किसान अश्वनी (28) पुत्र स्व. रामपाल 13 मई को शाहाबाद खाद लेने गया था। देर रात तक वह वापस घर नहीं लौटा। इस पर परिजनों को फिक्र हुई। काफी खोजबीन के बाद भी अश्वनी का सुराग नहीं लगा। सोमवार को उसकी पत्नी माधुरी देवी के मोबाइल नंबर पर 9598330616 पर कॉल आई। ये फोन मोबाइल नंबर 7460395028 से आया था। फोन करने वाले ने कहा कि अश्वनी उनके कब्जे में है। उसने पांच लाख रुपये फिरौती मांगी। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस को बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। दो दिन तक परिजन सहमे रहे। 16 मई को अश्वनी की पत्नी माधुरी पचदेवरा थाने पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। माधुरी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अपहृत की तलाश शुरू कर दी है। एसओ राकेश गुप्ता ने बताया कि रिपेार्ट दर्ज अपहृत की तलाश की जा रही है। बदमाशों का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिया गया है। बदमाशों का मोबाइल फोन बंद बता रहा है। टीमें लग दी गई हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर किसान का मुक्त करा लिया जाएगा।