शातिर के साथ मौजूद थाना प्रभारी व पुलिस टीम।
- फोटो : amarujala
पाली। तमंचे और कारतूस बनाने के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ पुलिस ने किया है। पूरे गोरखधंधे का खुलासा करने के लिए खुद थाना प्रभारी ग्राहक बनकर तमंचा बनाने वाले के पास पहुंचे थे।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम ठेहापुर निवासी एक युवक लंबे समय से आस-पास के कई जिलों में तमंचों और कारतूसों की तस्करी करता रहा है। पुलिस को इसके बारे में जानकारी भी थी लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस उस पर हाथ डालने से कतराती थी।
इसकी जानकारी थानाध्यक्ष दीपक रघुवंशी को मिल रही थी। दीपक ने उक्त शातिर का मोबाइल नंबर तलाश कर उससे ग्राहक बनकर बात की। कुछ असलहों का सौदा तय किया। शुरुआती दौर में मना करने के बाद शातिर असलहे देने के लिए तैयार हो गया।
तय सौदे के मुताबिक थाना प्रभारी दीपक रघुवंशी ने उसे पाली, शाहाबाद मार्ग पर स्थित स्टेट बैंक के परेली ग्राहक सेवा केंद्र पर बुलाया। यहां पहले से ही पुलिस सादी वर्दी मेें तैनात थी। उसका हुलिया देखते ही पुलिस ने पहचान कर हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम विजय शर्मा निवासी खेरापुर थाना लोनार बताया है। उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किए गए शातिर पर फर्रूखाबाद, कन्नौज, शाहजहांपुर समेत आठ जनपदों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।