पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत-पाली सैदपुर मार्ग पर बाइक और पिकअप की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घटना के बाद चालक पिकअप समेत फरार हो गया।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम उमरापुर निवासी जयपाल (40) पुत्र हरिश्चंद्र की रिश्तेदारी ग्राम गुटकामऊ में है। उसके रिश्तेदार का निधन हो गया था और सोमवार को तेरहवीं थी। इसमें शामिल होने के लिए वह सोमवार देर शाम बाइक से गांव निवासी ओमराम (45) पुत्र लक्ष्मण के साथ गुटकामऊ जा रहा था।
पाली-सैदपुर मार्ग पर खनिकलापुर के निकट रूपापुर की ओर जा रही पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जयपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओमराम को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से जयपाल के परिवार में कोहराम मच गया। उसके परिवार में पत्नी कीर्ति, पुत्र अर्पित (6) और पुत्री बिट्टू (4) हैं।