कासिमपुर। थाना क्षेत्र के करौंदी खेड़ा गांव में पुलिस व आबकारी टीम ने छापामार कर दो घरों से प्रतिबंधित ब्रांड की शराब बरामद की। टीम ने एक आरोपी को दबोच लिया जबकि दूसरा फरार हो गया।
रविवार को करौंदी गांव निवासी राजू गुप्ता पुत्र राम कुमार गुप्ता व चंद्रपाल के घर पर थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच व आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारा। दोनों के घर से 10-10 पेटी हरियाणा से तस्करी कर लाई गई प्रतिबंधित शराब बरामद की। टीम ने मैडम ब्रांड के देशी शराब के पौवा व रेपर भी बरामद किए।
पुलिस ने राजू गुप्ता को पकड़ लिया, लेकिन चंद्र पाल पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। थाना प्रभारी भानु प्रताप ने बताया कि प्रतिबंधित ब्रांड पर यूपी के जाली रेपर लगाकर अवैध शराब बेचने का कारोबार कर रहे थे। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।