शहर कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश चौराहे पर फल का ठेला लगाए दुकानदार पर शनिवार दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों ने तेजाब फेंक दिया और फरार हो गए। इससे दुकानदार की गर्दन और पीठ झुलस गई। आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस तेजाब की बात से इनकार कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ऊंचा थोक निवासी मदन लाल पुत्र पुत्तूलाल नुमाइश चौराहे पर फल का ठेला लगाता है। वह शनिवार को ठेले पर बैठा था इसी दौरान बाइक सवार वहां आए और उस पर कोई तरल पदार्थ फेंक दिया। जिससे उसकी पीठ व गर्दन पर जलन होने लगी। उसने आस पास के दुकानदारों को बताया। उसका कहना था कि तेजाब फेंक गया। तेजाब फेंकने की बात आते ही वहां पर आसपास के दुकानदार जमा हो गए और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसने कोतवाली में तहरीर दी। शहर कोतवाल आलोक सिंह ने बताया कि युवक के ऊपर तेजाब नहीं फेंका गया है। कोई पीला पदार्थ था। वह जला भी नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में आकस्मिक कक्ष में तैनात ईएमओ ने बताया कि दुकानदार कपड़े बदल कर आया था। उसकी गर्दन पर फफोले पड़े थे। लेकिन वह किसी कारण पड़े ये कहना संभव नहीं है। अगर युवक भर्ती होता तो सर्जन को बुलाकर जांच कराई जाती तभी स्थित स्पष्ट हो सकती थी। लेकिन वह कोतवाली जाने की बात की कर चला गया और दोबारा अस्पताल नहीं आया।