हरदोई। हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों का पूरा एक बंडल ही संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदारों के हाथ पैर फूल गए। घटना को विभागीय अधिकारी डीएम से छिपाते रहे। अमर उजाला की ओर से इस संबंध में पूछने पर डीएम ने पूरी घटना की जानकारी ली। प्रश्नपत्र के बंडल रिसीव करने वाले कर्मचारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा संबंधित विद्यालय का परीक्षा केंद्र निरस्त करने की संस्तुति माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से की गई है।
बीती 30 जनवरी को राजकीय इंटर कालेज के परिसर सेे वीरांगना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जिओ के कर्मचारी प्रमोद कुमार ने प्रश्नपत्र के कुल 11 बंडल प्राप्त किए थे। बताया गया कि इन बंडलों में चार बंडल हाईस्कूल के और सात बंडल इंटरमीडिएट के प्रश्नपत्रों के थे। गुरुवार को इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ने जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलकर एक पत्र सौंपा, जिसमें बताया गया कि हाईस्कूल के प्रभनश्नपत्रों का एक बंडल कम है। यह जानकारी मिलते ही विद्यालय निरीक्षक समेत बोर्ड परीक्षा से जुड़े सभी जिम्मेदार सकते में आ गए।
दिन भर इस घटना को बोर्ड परीक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदार छिपाए रहे। अमर उजाला ने शाम को लगभग पांच बजे डीएम पुलकित खरे से इस मामले में सवाल किया, तो उन्होंने डीआईओएस को तलब कर पूरी जानकारी की। शाम पौने छह बजे डीएम ने अमर उजाला को बताया कि एक बंडल गायब है। बंडल रिसीव करने वाले प्रमोद कुमार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश डीआईओएस नरेंद्र शर्मा को दिए गए हैं। साथ ही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से वीरांगना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जिओ में बनाए गए परीक्षा केंद्र को निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है। डीएम ने बताया कि बोर्ड को पूरी घटना से अवगत करा दिया गया है। जिन विषयों के प्रश्नपत्रों का बंडल गायब हुआ है उसका ब्यौरा जुटाया जा रहा है। संबंधित प्रश्नपत्र बदले जाएंगे।