शाहाबाद। नगर में सराफा की दुकान पर रविवार शाम हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मुनीम की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला चौक स्थित सराफा दुकान के मुनीम रामसेवक ने बताया कि रविवार शाम दुकान पर आए दो युवकों ने टॉप्स दिखाने को कहा। युवकों ने टॉप्स पसंद न आने की बात कही। इस पर वह टॉप्स बॉक्स में रखने लगा। बताया कि इस बीच युवक ने नजर बचाकर काउंटर में रखी टॉप्स वाली थैली उठा ली। नजर पड़ने पर दुकान मालिक रामभरोसे और उसने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों युवक बाइक से फरार हो गए। मुनीम ने बताया कि थैली में 120 ग्राम वजन के सोने के टॉप्स व अन्य आभूषण थे, जिनकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये है। कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।