हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पनेउरा निवासी सुभाष (24) पुत्र प्रकाश का शव शुक्रवार को कमरे में लटकता मिला। मृतक के भाई अशोक ने बताया कि सुभाष की लहरपुर निवासी रानी के साथ शादी हुई थी। वह गुरुवार शाम ससुराल गया था और शुक्रवार सुबह पत्नी को लेकर ससुराल से वापस आया था। पत्नी को घर में छोड़कर वह गांव में बने दूसरे मकान में चला गया। जब उसके पिता वहां गए तो सुभाष का शव रस्सी से लटकता देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। घटना के कारण के विषय में परिजन चुप्पी साधे हैं। बिलग्राम कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण युवक ने फांसी लगाकर जान दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।