अमर उजाला ब्यूरो
बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के ग्राम जसमई खिरौना में विवाहिता की मंगलवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है।
ग्राम जसमई खिरौना निवासी प्रवीण कुमार का विवाह पिंकी (22) के साथ तीन वर्ष पूर्व हुआ था। पिंकी का मायका पाली थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुर में है। मंगलवार दोपहर प्रवीण खेत में काम करने गया था। जबकि उसकी मां लौंगश्री घर में थी। दोपहर लगभग 12 बजे प्रवीण के पड़ोसियों ने सूचना दी थी कि पिंकी का शव फांसी से लटक रहा है। इस पर वह घर पहुंचा और साले प्रदीप को घटना की जानकारी दी। प्रदीप परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रदीप का कहना है कि जब वह घर पहुंचा तो शव जमीन पर रखा था। उसने बताया कि आशंका है कि दहेज के लिए ससुरालीजनों ने पिंकी की हत्या कर दी है। इस पर दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने दिन भर सुलह-समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। बुधवार सुबह मृतका के भाई प्रदीप की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अमरपाल शर्मा ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। मृतका के भाई ने पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था।
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
- मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका