हरदोई। अब्दुल्ला नगर गांव निवासी विवाहिता का शव शनिवार देर शाम घर में फांसी पर लटकता मिला। मृतका के पिता ने दामाद पर बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
पिहानी थाना क्षेत्र के ग्राम अब्दुल्ला नगर निवासी सोनी (21) पत्नी पुनीत का शव कमरे में दुपट्टे से फांसी पर लटकता देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने सोनी के पिता को घटना की सूचना दी। शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हौरा निवासी सोनी के पिता रामवरन परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी दो माह पहले ही पुनीत के साथ की थी। शादी के बाद से ही पुनीत कूलर, फ्रिज समेत अन्य चीजों की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर वह सोनी को प्रताड़ित करता था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।