पति समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट
हरपालपुर। आठ माह पूर्व संदिग्ध हालात में हुई विवाहिता की मौत के मामले में कोर्ट ने पीड़ित परिजनों का पक्ष सुनने के बाद आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के समफरा मजरा लमकन गांव निवासी गंगाराम ने कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने बेटी सीमा की शादी तीन वर्ष पूर्व थाना क्षेत्र के मुद्दपुरा मजरा खसौरा गांव निवासी रविंद्र पुत्र शेरपाल के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग को लेकर उसकी बेटी को परेशान करते थे। 10 अक्टूबर 17 को दिल्ली में ले जाकर ससुरालीजनों ने सीमा को फांसी पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी। उसने थाने में और एसपी से भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी पति रविंद्र, ससुर शेरपाल, जेठ धर्मेंद्र व जेठानी सोनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।