चोरों ने शुक्रवार रात थाने से चंद कदम दूर स्थित कपड़े की दो दुकानों को निशाना बनाया। शटर तोड़कर गुल्लकों में रखे 50,000 रुपये समेट ले गए। पीड़ित दुकानदारों ने घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कस्बे के दो लोगों को हिरासत में लिया है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी अबरार की सदर बाजार में कपड़े की दुकान है। शुक्रवार रात करीब 7 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे दुकान की तरफ से निकले लोगाें ने आधा शटर उठा और कुछ कपड़े बाहर पडे़ देखे तो चोरी की आशंका हुई। सूचना पर अबरार वहां पहुंचे। अंदर गए तो गुल्लक से रुपये गायब थे। पास में बनी एक और कपड़े की दुकान का आधा शटर उठा था। इसे सांडी थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी फूलमियां किराये पर लिए हैं। अबरार ने घटना की जानकारी फूलमियां को दी। उनकी दुकान में रखी गुल्लक भी खुली थी और रुपये चोरी हो गए थे। पुलिस ने पूछताछ की। अबरार और फूलमियां ने कस्बा निवासी दो युवकों पर दुकानों में चोरी करने की आशंका जताई है। अबरार ने 40,000 और फूलमियां ने 10,000 रुपये चोरी होने की तहरीर दी है। एसओ बृजेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।