हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में सरकुलर रोड पर बिजली विभाग की ओर से एक प्राइवेट अस्पताल का कनेक्शन काटने पर विवाद हो गया। इससे वहां पर हंगामा हुआ। विद्युत कर्मियों और अस्पताल के स्टाफ के बीच नोकझोंक हुई। अस्पताल प्रशासन की ओर से बिजली बिल जमा करने पर मामला शांत हुआ।
शहर में बिजली विभाग की ओर से बिल जमा न करने और लाइन लॉस रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को सरकुलर रोड पर उपखंड अधिकारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सरकुलर रोड पर संचालित एक निजी अस्पताल पर 35 हजार रुपया बिल बकाया होने पर उसका कनेक्शन काट दिया गया।
इस पर अस्पताल का स्टाफ विरोध करने लगा और कर्मियों से भिड़ गया। विवाद बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन की ओर से बकाया बिल जमा किया। चेकिंग के दौरान बिजली बकायेदारों से 95 हजार रुपये जमा कराए गए। जांच के दौरान एक उपभोक्ता के घर में 15 हजार यूनिट स्टोर मिली। उसके विरुद्ध विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान अवर अभियंता दीपक जायसवाल, टीजीटू पवन यादव व बिजली कर्मी मौजूद रहे।