अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। चोरों ने शुक्रवार रात शहर कोतवाली क्षेत्र की दो अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाया। एक दुकान से लगभग 50 हजार रुपये के जूते और दूसरी दुकान से लगभग 80 हजार रुपये की घड़ी चोरों ने पार कर दीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पीड़ित दुकानदारों ने कोतवाली में चोरी की तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की पंजाबी कॉलोनी निवासी खड़गपाल सिंह की जूते-चप्पल की दुकान सिनेमा रोड पर के चप्पल स्टोर नाम से है। खड़गपाल शुक्रवार रात लगभग 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के बाहर ही एक बोरे में जूते-चप्पल भरे नजर आए। इस पर उन्हें लगा कि ट्रक वाला माल डाल गया होगा। इसके बाद जब उनकी दुकान के कर्मचारियों ने ताले खोले और दुकान की दूसरी व तीसरी मंजिल पर गए तो सामान बिखरा पड़ा देख दुकान के भूतल पर मौजूद खड़गपाल को जानकारी दी। उनके आने के बाद कर्मचारियों ने आगे के दरवाजे खोलना शुरू किए तो खिड़की के शीशे टूटे मिले। इसके अलावा एक अन्य दरवाजा भी टूटा मिला। घटना की सूचना शहर कोतवाली में दी गई। खड़गपाल सिंह ने बताया कि 50 हजार रुपये के जूते चोरी हुए हैं।
उधर, कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश चौराहा पर गुड्डू की घड़ी की दुकान है। रात में चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़ दिया। शनिवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि लगभग 80 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है।
मौके पर पड़ी मिली सरिया, चाभी और खून
के चप्पल स्टोर में चोरी के बाद जब जांच की गई तो मौके पर एक सरिया पड़ी मिली। इस सरिया को चप्पल स्टोर से ही उठाया गया था। इसके अलावा एक चाभी भी मौके पर पड़ी मिली। दुकान का दरवाजा और खिड़की तोड़ते समय घटना को अंजाम देने वाले जख्मी भी हुए हैं, क्योंकि घटना स्थल पर खून भी पड़ा मिला। इसके अलावा चप्पल स्टोर की छत पर लगे मोबाइल टावर पर जाने वाले जीने के दरवाजे पर लगे ताले की चाभी के गुच्छे से एक चाभी गायब होने की बात भी सामने आई है।
खुला होता कैमरा तो कैद हो जाते चोर
खड़गपाल सिंह ने अपनी दुकान में सात सीसीटीवी लगवा रखा है। रात में दुकान बंद करके घर जाते समय ये कैमरे बंद कर दिए जाते हैं। अगर कैमरे खुले होते तो चोरों की हर हरकत कैमरे में कैद हो जाती।
दो दुकानों से हजारों का सामान चोरी
सिनेमा रोड पर चप्पल स्टोर और नुमाइश चौराहा पर घड़ी की दुकान पर चोरों का धावा
फोटो- 5) के चप्पल स्टोर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
फोटो- 6) दुकान के अंदर टूटे पड़े शीशे दिखाता दुकान मालिक का पुत्र।
फोटो- 7) दुकान में लगा सीसीटीवी।
फोटो- 11) घड़ी की दुकान में चोरों द्वारा तोड़ा गया दरवाजा दिखाता दुकानदार गुड्डू।