प्रतापनगर। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नयागांव में रविवार शाम जंगल में युवती का शव फांसी पर लटकता मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। नयागांव में पूरब की ओर नाला निकला है। इसके पास घना जंगल है। रविवार शाम कुछ ग्रामीण शौच के लिए जंगल की ओर गए थे। वहां पेड़ पर रस्सी से युवती का शव लटकता देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक सुभाषचंद्र सरोज मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती के बाएं हाथ की कलाई पर कलावा बंधा है। जिस पेड़ पर शव लटका मिला वहीं पास में काला सफेद दुपट्टा भी रखा मिला। आसपास के गांवों को सूचना दी गई है, लेकिन फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।