शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र में नालंदा स्कूल के पास बाइक सवार लुटेरों ने एमआर से तमंचे के बल पर दस हजार रुपये लूट ले लिए।
जनपद शाहजहांपुर के दिलबाग कैंट निवासी इंद्रपाल वर्मा पुत्र महेंद्र कुमार फार्मेसी कंपनी में काम करता है। वह शनिवार को शाहाबाद के मेडिकल स्टोर से रुपये लेकर बाइक से वापस घर जा रहा था। कोतवाली क्षेत्र में शाहाबाद-शाहजहांपुर मार्ग पर नालंदा स्कूल के पास पीछे से बाइक सवार तीन लोग आए और उसकी बाइक रोककर तमंचा लगा दिया। बाइक सवार उसका बैग छीनकर भाग गए। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इंद्रपाल ने बताया कि बैग में दस हजार रुपये, मोबाइल और बिल थे। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर धीरपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।