हरदोई। शाहाबाद के हर्रई गांव में युवती ने शनिवार शाम घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने बताया कि एक माह बाद ही उसकी शादी होनी थी।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हर्रई निवासी शिल्पी (18) पुत्री छोटेलाल का शव घर में कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता देखकर परिजनों के होश उड़ गए। मां तारावती ने बताया कि शिल्पी तीन बहनों में छोटी थी, उसका एक भाई भी है। पिहानी के ग्राम लोधना खेड़ा निवासी युवक के साथ शिल्पी की शादी तय थी। 20 मई को उसकी बारात आनी थी, शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली र्गइं थीं। भाई रजनीश ने बताया कि गांव में ही रहने वाली रिश्ते की मौसी से शनिवार दोपहर शिल्पी का विवाद हो गया था, इसके बाद शिल्पी घर आ गई। शाम को उसने फांसी लगा ली। किस कारण विवाद हुआ, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि मामला खुदकुशी का है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।