पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला
- बाइक की मांग पूरी न होने पर की वारदात
- पति, सास, ससुर और नंद के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
हरपालपुर (हरदोई)।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चतरखा में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। मृतका के पिता ने पति, सास, ससुर और नंद के खिलाफ दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चतरखा निवासी सुधीर का विवाह तीन वर्ष पूर्व मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शहाबुद्दीनपुर निवासी कमलेशचंद्र की पुत्री उमाकांती (22) के साथ हुआ था। सुधीर परिजनों के साथ बाइक की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर वह उमाकांती को आए दिन पीटता था। मंगलवार रात भी सुधीर ने पिता वेदराम, मां लड़ैती और बहन उपासना की मौजूदगी में उमाकांती से बाइक लाकर देने को कहा। इस पर उमाकांती ने इनकार कर दिया तो सुधीर ने उसकी पिटाई कर दी। जब वह बेहोश हो गई तो आनन-फानन ही परिजन उसे लेकर सीएचसी हरपालपुर पहुंचे। हरपालपुर में चिकित्सक ने उमाकांती के मृत होने की बात कही। लेकिन परिजनों ने भरोसा नहीं हुआ। इसके बाद वह लोग उमाकांती को लेकर हरदोई शहर के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में गए। नर्सिंग होम में भी चिकित्सक ने उमाकांती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए और मृतका के पिता को सूचना दी। पिता कमलेशचंद्र का आरोप है कि जब वह परिजनों के साथ चतरखा पहुंचे तो घर पर कोई नहीं था और उमाकांती का शव पड़ा था। कमलेशचंद्र ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को देने के साथ ही सुधीर, वेदराम, लड़ैती और उपासना के विरुद्ध दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या करने की तहरीर दी है। कोतवाली राय सिंह ने बताया कि दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।