हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मन्नापुरवा में 17 फरवरी को मारपीट में घायल वृद्ध की शनिवार रात मौत हो गई।
मन्नापुरवा निवासी हजारीलाल (60) के साथ गांव निवासी सूरज पुत्र चेतराम ने 17 फरवरी को लाठी डंडे से मारपीट की थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया। 27 फरवरी को चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया था। शनिवार रात घर पर हजारीलाल की मौत हो गई। पुत्र राधेश्याम ने बताया कि गांव निवासी सूरज ने अपनी बहन की शादी हजारीलाल के माध्यम से तय कराई थी। बाद में कुछ कारणों को लेकर शादी नहीं हो पाई। इसके कारण सूरज रंजिश मानने लगा था। इसी रंजिश में उसने मारपीट की थी। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में 18 फरवरी को राधेश्याम की तहरीर पर हजारीलाल के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब मौत की सूचना मिली है। मामले को गैर इरादतन हत्या में तरमीम किया जाएगा।