अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। रास्ते के विवाद में हमलावरोें ने तीन भाइयों को खेत में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सरेआम मारपीट की इस घटना से ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तीनों भाइयों के सिर में लाठी लगने से खून से लपपथ हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायलों को निजी वाहन से सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने तीनों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जजुआमऊ गांव निवासी सोभरन के घर के सामने आम रास्ता है। जिससे पूरे गांव के लोगों का खेतों में आवागमन होता है। एक माह पूर्व उसी रास्ते पर निकलने को लेकर पड़ोसियो से कहासुनी हो गई थी। मामला पुलिस के पास पहुंचा पर रफा दफा हो गया था। शुक्रवार की सुबह उसके पुत्र पप्पू (25) , लालू (21), भतीजा अखिलेश (28) दरवाजे पर बैठे थे। उसी दौरान करीब छह लोग लाठी-डंडों से लैस होेकर दरवाजे पर आए और हमला बोल दिया। तीनों भाई हमलावरों से बचने के लिए खेत तरफ भागे। हमलावरों ने पीछा कर तीनों को खेत में दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पीटा। दिन में पिटाई की इस घटना से ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना यूपी-100 पुलिस को दी। पुलिस केे पहुंचने से पहले हमलावर भीड़ को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ के बाद घायलों को उनके निजी वाहन से सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने तीनों की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया मामला संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- रास्ते के विवाद में भाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
- बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जजुआपुर गांव में हुई घटना