टड़ियावां (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम बरौली में सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर गर्भवती की तबीयत बिगड़ने पर नर्सिंग होम से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रात में परिजन शव लेकर घर पहुंचे और मृतका के पिता को सूचना दी। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा दिया। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बरौली निवासी सरिता (25) पत्नी बनारसी गर्भवती थी। सोमवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे शहर के एक नर्सिंग होम ले गए। यहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। देर शाम परिजन सरिता को लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। बनारसी की सूचना पर मृतका के पिता खुशीराम निवासी ग्राम गुरसंडा थाना पिसावां जनपद सीतापुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सरिता की शादी तीन साल पहले बनारसी के साथ की थी। ससुराली शादी के बाद से ही दहेज मांग रहे थे। आरोप लगाया कि पुत्री को प्रताड़ित किया गया और गर्भवती होने के बाद भी उसकी उचित देखभाल नहीं की गई। दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी। वहीं ससुरालियों ने प्रसव पीड़ा के बाद हालत बिगड़ने से मौत की बात कही है। सीओ सदर शैलेंद्र सिंह गांव पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टड़ियावां कोतवाल सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि मृतका के पति बनारसी समेत ससुर बाबूराम, अर्जुन, अरविंद, महेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।