अमर उजाला ब्यूरो
हरियावां। थाना क्षेत्र के गोपलापुर गांव में सालों की पिटाई से आहत किसान ने सोमवार सुबह घर में पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम गोपलापुर निवासी श्रीकृष्ण (50) पुत्र रूपा का शव घर में कच्ची कोठरी में साड़ी के फंदे सेलटका देखकर बेटे विवेक के होश उड़ गए। मृतक के भाई रामलोटन ने बताया कि गत बुधवार को श्रीकृष्ण का पत्नी सीमा से किसी बात पर विवाद हो गया था। जिस पर सीमा ने लखीमपुर के थाना पसगवां के ग्राम सिकटारा में मायके वालों को सूचना दी थी। उसी दिन श्रीकृष्ण के तीनों साले गांव आ गए। उन्होंने श्रीकृष्ण को घर में रस्सी से बांधकर मारापीटा। आसपास के लोगों के आने पर तीनों आरोपी बहन सीमा, उसकी बेटी आरती, बेटे संदीप को लेकर लखीमपुर चले गए। इस घटना के बाद से श्रीकृष्ण परेशान था। आहत होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने आरोप लगाया कि सूचना देने के पांच घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
ससुरालियों की पिटाई से आहत किसान ने दी जान
- सालों ने की थी मारपीट, पत्नी की साड़ी को बनाया फंदा