हरपालपुर। अडनामऊ निवासी दो लोगों के खिलाफ युवक को मजदूरी के लिए गैर प्रांत ले जाने और उसकी हत्या करने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। अडनामऊ निवासी ब्रजरानी पत्नी बाबूराम ने कोर्ट में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि छह माह पूर्व उसका भाई रामदास (22) पुत्र द्वारिका निवासी ग्राम भदैचा कोतवाली शहर उसके घर आया था। गांव निवासी सुरेश व मंशाराम उसके भाई रामदास को मजदूरी कराने महाराष्ट्र ले गए थे। इसके बाद से उसके भाई का कहीं पता नहीं है। दोनों आरोपियों ने उसके भाई की हत्या कर शव गायब कर दिया है। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने का आदेश दिया है। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।