इटावा। शहर के सियाराम मार्केट खत्ता कॉलोनी में विवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घरवालों ने शव फंदे से उतार लिया था। मृतका के भाई ने पति समेेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
भरथना के सती मंदिर के पास रहने वाले प्रदीप कुमार ने बताया कि तीन साल पहले बहन रीना यादव 30 की शादी सियाराम मार्केट खत्ता कॉलोनी निवासी विनय यादव के साथ की थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर रीना को प्रताड़ित किया जाता था।
उसने ये बात कई बार मायके में भी बताई थी। सोमवार सुबह रीना का शव घर में दुपट्टे से बने फंदे पर लटका मिला। पड़ोसियों की सूचना पर मायकेवाले पहुंचे, इसके पहले ही ससुरालवाले शव को उतारकर आंगन में रख चुके थे। घर में ससुरालवाले नहीं मिले। भाई की सूचना पर फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रदीप ने रीना के पति विनय, सास स्नेहलता, देवर अंशुल व गोली, ननद टेानी, ननदोई सौरभ और संजीव के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष फे्रंडस कॉलोनी अतुल कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।
दहेज के लिए विवाहिता को पीटा
बसरेहर। चौबिया थाने में दी तहरीर में बरालोकपुर की सायना बानो ने बताया कि सात साल पहले उसकी शादी इसाक पुत्र यूनिस खान निवासी रामनगर अटसू थाना अजीतमल जिला औरैया के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि ससुरालवाले दहेज में सोने चेन, अंगूठी और नगदी की मां की मांग कर बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। सायना बानो ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। ब्यूरो