अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शहर में नायक-खलनायक गैंग के बीच चल रहा गैंगवार बढ़ता ही जा रहा है। रविवार सरेशाम महात्मा गांधी मार्ग पर एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोमिनाबाद निवासी मून ने नायक गैंग बना रखा है। जिसमें उसके क्षेत्र के दर्जनों युवक शामिल हैं। वहीं पूर्व में उसके मित्र रहे सुभाष नगर निवासी अखिलेश उर्फ डीके ने खलनायक गैंग बना रखा है। दोनों गैंग में कई दर्जन किशोर व युवा शामिल हैं। दोनों की ओर से एक दूसरे पर हमला कर उसके वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाते हैं। गत दिनों दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ था। जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों से छह-छह लोगों पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया था और कई जिले से बाहर चले गए थे। जेल में बंद गैंग के सदस्य जमानत पर बाहर आ गए। साथियों के जेल से बाहर आने पर जिले से बाहर रहे गैंग के अन्य सदस्य भी शहर वापस आ गए। रविवार को नायक गैंग के फैज अंसारी साथी चंदन लाला के साथ महात्मा गांधी मार्ग पर स्थित एक होटल पर जा रहा था। तभी दस बारह लोगों ने उसे घेर लिया। जिस पर वह भागा तो उन लोगों ने फायर करना शुरू कर दिया। इससे महात्मा गांधी मार्ग पर भगदड़ मच गई।
पुलिस चौकी से चंद कदम दूूर पर हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। आसपास के दुकानदारों को देख गैंग के सदस्य वहां से फरार हो गए। घटना के विषय में फैज अंसारी ने बताया कि वह बाहर चला गया था, कुछ दिन पूर्व ही घर आया था। उसने बताया कि डीके और उसके साथियों ने उस पर हमला किया। घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी सदर मो. क्यूम और शहर कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फैज की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। शहर कोतवाल दीपक सिंह ने बताया कि गैंगवार रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में सरेशाम फायरिंग से सनसनी
- बढ़ती जा रही है नायक और खलनायक गैंग की वार