कछौना(ब्यूरो)। थाने के दो सिपाहियों ने सोमवार की रात सड़क पर अकेले जा रहे युवक से पूछताछ करने के बाद उसे पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान युवक नाले में गिर गया। जिस पर आरोपी सिपाही मौके से फरार हो गए। कुछ देर वहां से गुजर रहे लोगां ने युवक को नाले से बाहर निकाला।
कस्बा के मोहल्ला तिलक नगर निवासी छोटे पुत्र डगरू ने बताया कि वह ट्रैक्टर चलाता है। सोमवार की रात करीब 10 बजे ट्रैक्टर खड़ा कर घर जा रहा था। कस्बे में रतन सिंह मार्केट के पास उसे बाइक सवार दो सिपाहियों ने रोक लिया। पूछताछ करने के साथ सिपाही उसकी तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर सिपाहियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया कि एक सिपाही ने उसे धक्का दे दिया, जिससेवह नाले में गिर गया। छोटे ने बताया कि करीब एक घंटे बाद वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उसे बाहर निकाला। बताया कि मारपीट के दौरान उसे काफी चोट आई है। उसकी जेब से 350 रुपये और मोबाइल भी गायब है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंच कर पूरे मामले की शिकायत की है। कोतवाल नजीमुल हसन नकवी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। युवक को इलाज के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
- सिपाहियों ने ट्रैक्टर ड्राइवर को पीटा
- कोतवाल ने कहा, जंाच कर की जाएगी कार्रवाई