हरियावां। थाना के बेलहिया गांव में शराब न पीने पर एक व्यक्ति ने वृद्ध पर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर दिया। घटना में वृद्ध बच गया। पीड़ित ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बेलहिया निवासी नत्थू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार की शाम वह गांव में अवधेश की दुकान पर सामान लेने गया था। आरोप है कि वहां पड़ोसी गांव का एक व्यक्ति पहले से ही शराब के नशे में खड़ा था।
आरोपी ने उससे शराब पीने को कहा। मना करने पर आरोपी गाली गलौज करने लगा और लाइसेंसी रिवाल्वर से उस पर फायर झोंक दिया, जिससे वह बच गया। नत्थू ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर आस पास के लोग मौके पर आ गए और बीच बचाव कराया। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।