अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मारपीट की घटनाओं में पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सधई बेहटा निवासी मोरध्वज (25) सोमवार देर शाम गांव में घूम रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में गांव के ही मनीराम ने उससे गालीगलौज शुरू कर दिया। मोरध्वज ने गाली देने से मना किया तो मनीराम ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस बात की जानकारी होने पर दोनों के परिजन मौके पर आ गए। परिजनों में कहासुनी होने पर मनीराम ने हीरालाल (55) को भी डंडों से पीट दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुुंची यूपी-100 पुलिस की टीम ने मोरध्वज को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने हीरालाल की तहरीर पर मनीराम समेत तीन लोगों के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम पुरौली निवासी संतोष सिंह मंगलवार को अपने बेटे को स्कूल वैन में बैठा रहे थे। इसी दौरान गांव के बलराम सिंह से बच्चे को बैठाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बलराम ने संतोष सिंह पर खुरपी से हमला कर दिया। पुलिस ने उसका मेडिकल अस्पताल में कराया है। उधर, बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम बल्हेरा निवासी अशोक (30) का सोमवार देर शाम गांव निवासी एक युवक से विवाद हो गया। युवक ने अशोक को लाठी-डंडों से पीट दिया। पीड़ित के परिजनों ने यूपी-100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूछताछ कर घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
- मारपीट में पिता-पुत्र समेत चार घायल
- अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुईं घटनाएं