माधौगंज। बिल्हौर कटरा हाईवे पर माधौगंज थाने से दस कदम की दूरी पर एक धार्मिक स्थल से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट बस और कार की भिड़ंत हो गई। घटना में कार सवार दंपति की मौत हो गई, जबकि पुत्र और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सीएचसी ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक बस मौके पर छोड़कर फरार हो गया। खबर लिखे जाने तक बस में मौजूद सवारियां मौके पर ही मौजूद थीं। कासिमपुर थाना क्षेत्र के नंदखेड़ा निवासी गौरव (30) पुत्र महावीर अपनी पत्नी पूजा (28), पुत्र अंश (6) और भांजे रचित (13) पुत्र शरद कुमार निवासी माधौगंज के साथ कार से गुरुवार रात लगभग पौने आठ बजे नंदखेड़ा जा रहे थे। बिल्हौर कटरा हाईवे पर माधौगंज थाने से बमुश्किल दस कदम की दूरी पर पेट्रोल पंप के सामने मल्लावां की ओर से आ रही बस और कार में सीधी भिड़ंत हो गई। भिड़ंत की आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन ही कार में सवार चारों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने गौरव और उनकी पत्नी पूजा को मृत घोषित कर दिया। अंश और रचित की हालत गंभीर बताते हुए इन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शव सीएचसी में ही रखवा दिए हैं। गौरव के अन्य परिजन दोनों घायलों के उपचार के लिए लखनऊ गए हैं। घटना के बारे में पता चला है कि गौरव ने अपने पुत्र अंश का दाखिला माधौगंज के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में कराया है। उसकी पढ़ाई के लिए गौरव पत्नी और पुत्र के साथ माधौगंज में बघौली मार्ग पर किराये के मकान में रह रहा था। माधौगंज के प्रभारी निरीक्षक आरके शर्मा ने बताया कि बस में उत्तराखंड के बाजपुर और उत्तर प्रदेश के रामपुर व रामपुर के लोग सवार थे, सभी सवारियां सुरक्षित हैं।