अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जगदीशपुर सांडी मार्ग पर गुरुवार को बाइक में एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया। गुरुवार रात लगभग नौ बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इसरापुर निवासी गयासुद्दीन का बहनोई इरशाद लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम साबिरपुर में अपने परिवार के साथ रहता है। गुरुवार को इरशाद के घर में दावत थी। इसमें शामिल होने के लिए गयासुद्दीन अपनी पत्नी गुड़िया (30), पुत्र नाजिम, पुत्री नाजिया और एक तीन वर्षीय पुत्री के साथ बस से जगदीशपुर गया था। उसने जगदीशपुर में बस से उतरकर कार्यक्रम में शामिल होने आए फुफेरे भाई चाऊंपुर निवासी मोहम्मद शानू को जगदीशपुर बस अड्डे पर बुला लिया। पत्नी गुड़िया, पुत्र नाजिम और पुत्री नाजिया को मोहम्मद शानू की बाइक से इसरापुर के लिए रवाना कर दिया। खुद ठेलिया से जाने के लिए निकला।
सांडी-जगदीशपुर मार्ग पर 108 सेवा की एंबुलेंस ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में गुड़िया गंभीर रूप से घायल हो गई। नाजिम और नाजिया को मामूली चोटें आईं। गुड़िया को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने भर्ती कर लिया। रात में लगभग नौ बजे गुड़िया की मौत हो गई। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में ही मोर्चरी में रखवा दिया।
एंबुलेंस ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत
- लोनार कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सांडी-जगदीशपुर मार्ग पर हुई घटना