शहर कोतवाली क्षेत्र में रद्धेपुरवा रोड पर सधई बेहटा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने पिकअप सवार युवक से तमंचे के बल पर दस हजार रुपये लूट लिए। छीना झपटी के दौरान तमंचा मौके पर ही गिर गया। पुलिस ने लूट की बात से इनकार किया है। मामले में जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सधई बेहटा निवासी हउलू सोमवार देर शाम शहर से घर जा रहा था। पिहानी चुंगी के निकट वह पड़ोस के गांव के युवक की पिकअप पर सवार हुआ। रद्घेपुरवा रोड पर सधई बेहटा गांव से पहले बगिया के पास बीच सड़क पर बाइक खड़ी होने पर चालक ने पिकअप रोक दी। इस दौरान नकाबपोश दो बदमाशों ने दोनों को घेर लिया। पिकअप चालक और हउलू की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। विरोध पर दोनों को तमंचे की बट मार दी। एक बदमाश ने हउलू की जेब से दस हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद भी हउलु और पिकअप चालक उनका विरोध करते रहे। छीना झपटी में बदमाशों का तमंचा वहीं गिर गया। बाइक लेकर दोनों भाग गए। हउलू ने कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि बदमाश लूट की घटना को अंजाम नहीं दे पाए और तमंचा छोड़कर भाग गए। मामले की जांच की जा रही है।