हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र के नश्यौली गोपाल गांव में सोमवार की सुबह महिला का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने मानसिक रूप से परेशान होकर जान देने की बात कही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नश्यौली गोपाल गांव निवासी सुधा सिंह (38) का शव रविवार की शाम घर में कमरे में अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला। काफी देर तक दरवाजा बंद होने पर परिजनों ने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो उसका शव लटका दिखा। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर आ गए।
पति शिवकुमार ने सुधा के मायके उन्नाव के सफीपुर थाने के खरगौरा गांव निवासी भाई जितेंद्र को सूचना दी। देर रात वह भी मौके आ गया। जितेंद्र ने अभी आरोप से इन्कार किया है। मृतक के पति ने बताया कि सुधा का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था। फर्रुखाबाद में एक डॉक्टर के पास से उसका इलाज चल रहा था। आराम न मिलने से परेशान होकर उसने जान दे दी। कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या महिला ने आत्महत्या की है। घटना की वजह की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।