फोटो-14- मृतक कमलेश की फाइल फोटो
- फोटो : HARDOI
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर टायर फटने से बेकाबू हुई कार डिवाइडर में टकराकर उछली और जेसीबी में टकरा गई। हादसे में कार सवार डिप्टी मैनेजर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार की खिड़की काटकर शव को निकाला गया। पुलिस ने परिजन को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शाहजहांपुर के रौजा निवासी कमलेश कुमार (35) बैंक ऑफ इंडिया में डिप्टी मैनेजर थे। वे शहर में एलडीएम कार्यालय में तैनात थे। सोमवार की सुबह वे शाहजहांपुर से कार से ड्यूटी पर आ रहे थे। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर कुर्रिया गांव के पास तेज रफ्तार कार का अगला टायर फट गया। इससे कार बेकाबू होकर डिवाइडटर से टकराकर उछली और जेसीबी में जाकर टकरा गई।
डिप्टी मैनेजर की मौके पर मौत हो गई। हादसे की भयावह तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार की खिड़की काटकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद कमलेश के परिजनों को सूचना दी गई।
कमलेश के परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी है। एएसपी पूर्वी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। तेज रफ्तार की वजह हादसा हुआ है।