हरदोई। एसओजी, स्वॉट व शहर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात जिंदपीर चौराहे के पास से बाइक सवार तीन युवकों को दबोचा। बाइक की डिकी से पुलिस ने 30 लाख रुपये की 305 ग्राम स्मैक बरामद की है। एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया। एसपी राजेश द्विवेदी ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
एसपी ने बताया कि बुधवार की रात एसओजी, स्वॉट, सर्विलांस व शहर कोतवाली जिंदपीर चौराहा पर मौजूद थी। इसी दौरान पीडब्लूडी तिराहे की तरफ एक बाइक पर सवार तीन व्यक्ति आते दिखे। पुलिस को देख कर बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। इससे बाइक फिसलने से तीनों गिर गए। पुलिस ने घेराबंदी कर मजार के पास से तीनों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पिहानी के खुरमुली निवासी जीशान, पिहानी के मोहल्ला नागर निवासी नसीब , लखीमपुर के पसिगवां थाने के बरबर गांव निवासी मौसीम बताया। बाइक के टूल बॉक्स से 265 ग्राम स्मैक बरामद की।
इसी दौरान पुलिस ने धर्मशाला रोड के पास से मोमिनाबाद निवासी मून उस्मानी को दबोचा। उसके पास से 40 ग्राम स्मैक बरामद की। एसपी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्मैक की कीमत 30 लाख रुपये है। बताया कि मून शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ गैंगेस्टर समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। जीशान पर दो मामले दर्ज हैं। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।