हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेरौली में रिश्तेदारी में आए किसान का शव नाले में उतराता मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगरिया निवासी वीरेंद्र (50) मंगलवार को देहात कोतवाली क्षेत्र के खेरौली गांव में फुफेरे भाई मेवाराम के यहां गया था। बुधवार की सुबह गांव के पास से निकले नाले में उसका शव उतराता मिला। ग्रामीणों ने शव नाले में पड़ा देखा तो शोर मचाया। इस पर मेवाराम अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। मेवाराम ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मेवाराम ने बताया कि शाम को शराब के नशे की हालत में वीरेंद्र को नाले की पुलिया पर सोते देखा गया था। वह नाले में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी सरला के अलावा चार बेटे व एक बेटी है। मृतक के बेटे साजन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
प्रभारी निरीक्षक गंगेश शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।