पिहानी। नगर पालिका परिषद बोर्ड की सोमवार को हुई बैठक में प्रस्तावों की भरमार रही। बैठक में बजट का रोना भी रोया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी कक्ष समेत बरसात में टपकते कार्यालय भवन की मरम्मत व सुंदरीकरण कराने, पेयजल व दो प्रतिशत अतिरिक्त स्टांप शुल्क से प्राप्त राशि की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रकाश व्यवस्था के नाम पर लाइटों की मरम्मत में गड़बड़ी के आरोप चर्चा में रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पालिकाध्यक्ष शाहीन बेगम ने कहा कि नगर विकास को लेकर सभी साझा प्रयास करें। वार्डों में होने वाले विकास कार्यों को लेकर सभासदों की संतुष्टि जरूरी है। ईओ अमित कुमार ने बताया कि गत बैठक में प्रस्तावित अमृत सरोवरों पर कार्य बरसात के कारण बंद कर दिया गया है। वर्ष 2023-24 का बजट और वर्ष 2024-25 का अनुमानित बजट प्रस्तुत किया जो, सर्व सम्मति से पारित हुआ। इसके अलावा सितंबर 2023 से जून 2024 की माहवार आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। सभासदों ने गृहकर कम करने की मांग रखी।
नगर में चिह्नित चार भूमिहीनों को भूमि आवंटित कर आवास देने का प्रस्ताव पारित किया गया। भवन निर्माण की स्वीकृति संबंधी प्रार्थनापत्रों के अलावा समस्त सामग्री जेम पोर्टल से खरीदे जाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा सभासदों ने नाला, नाली, सड़क और प्रकाश व्यवस्था ठीक किए जाने की मांग रखी।सभासदों ने लाइट खरीद व मरम्मत का ब्योरा सार्वजनिक किए जाने, जूनियर हाईस्कूल की बाउंड्रीवाल बनवाए जाने, राशन वितरण सभासद की मौजूदगी में कराए जाने और कार्यों के इस्टीमेट सभासद को भी उपलब्ध कराए जाने आदि की मांग की। बैठक में आलिम कुरैशी, विनीत गुप्ता, आफरीन, यासमीन फातिमा रिजवी, शानू सिंह, तैयब, चांद मियां समेत बाईस सभासद उपस्थित रहे।