संवाद न्यूज एजेंसी
हरियावां। हरियावां थाना क्षेत्र के उतरा गांव में शराब पीने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में मामला तूल पकड़ गया और दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना में दोनों पक्ष के दो-दो लोग घायल हुए हैं। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस को दी तहरीर में उतरा निवासी मुन्ने ने बताया कि उसका पुत्र अनिल अपने ताऊ राम विलास के मकान पर था। इसी दौरान गांव निवासी नवाब, शमशाद और अंसार ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। घटना में अनिल, राम विलास और राजू घायल हो गए। दूसरे पक्ष सेे यासमीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति शमशाद, शमशाद के भाई अंसार और ताऊ नवाब पर गांव के ही अनिल, राजू और राम विलास ने हमला बोल दिया।
घटना में दोनों पक्षोें से अनिल और राम विलास व अंसार और नवाब घायल हो गए। इन सभी को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां नवाब अब भी भर्ती है। बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि शनिवार शाम शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था।
अनिल और शमशाद ने साथ में शराब पी थी। बाद में शमशाद ने अनिल से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। अनिल ने रुपये नहीं दिए और अपने ताऊ राम विलास के घर चला गया। पीछे पीछे शमशाद भी आ गया और रुपये न देने को लेकर विवाद हो गया।