हरपालपुर। अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से नाराज लोगों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में कनेक्शन धारकों ने पलिया बिजली उपकेंद्र पहुंचकर घेराव किया। इस दौरान उपभोक्ताओं ने अवर अभियंता पर सीयूजी फोन रिसीव न करने के भी आरोप गए।
पलिया में बिजली उपकेंद्र है। इसके हरपालपुर फीडर पर लगातार बिजली कटौती की जा रही है। कटौती के लिए न तो कोई समय निर्धारित है और न ही अवधि। इससे इतर जब बिजली आती भी है तो लो - वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इससे उपभोक्ता खासे परेशान हैं। गुरुवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता पलिया बिजली उपकेंद्र पहुंच गए और घेराव किया। उपभोक्ताओं ने कहा कि अवर अभियंता न तो सरकारी नंबर रिसीव करते हैं और न ही प्राइवेट नंबर। अगर किसी घटना-दुर्घटना की सूचना देनी हो, तो भी अवर अभियंता का फोन रिसीव नहीं होता। उपभोक्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर अघोषित बिजली कटौती बंद न हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अवर अभियंजा विपिन चौधरी ने किसी तरह उपभोक्ताओं को शांत किया और रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति किए जाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कृष्ण कुमार त्रिवेदी, गजेंद्र सिंह चौहान, डाॅ. राहुल वर्मा, अभिषेक मिश्रा, राजीव चौहान, शिवम शर्मा, नीरज यादव आदि मौजूद रहे।