संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। कर्म की प्रधानता का संदेश देने वाले योगीराज भगवान श्रीकृष्ण का बुधवार को घरों में जन्मोत्सव मनाया गया। देवकी-वसुदेव के लाल के जन्मोत्सव पर घर-घर बधाईयां बजीं और मंगल गीत गाए गए। गृहस्थों ने व्रत रखकर रात 12 बजे प्रतीकात्मक रूप से खीरा का डंठल काटकर भगवान श्रीकृष्ण का जन्म किया। पूजन-अर्चन कर आरती उतारी, भोग-प्रसाद के बाद व्रत का परायण किया।
16 कलाओं में निपुण राधा के कान्हा के जन्मोत्सव के लिए बुधवार को भी बाजार में भीड़ रही। लोगों ने सजावट की सामग्री के साथ ही बांसुरी, मोरपंख, खीरा आदि की खरीदारी की। गृहस्थों ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए घरों में झांकी सजाई। पंचामृत व नैवेद्य के साथ ही तुलसीदल, तिल व तुलसी की मंजरी श्रीनारायण को अर्पित की।
शाहाबाद के उधरनपुर स्थित नालंदा शिक्षण संस्थान में छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की जीवनलीला व उनकी बाल लीलाओं से जुड़े प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए। कक्षा छह की खुशी, अपर्णा, ओजस, मंग्तव्य, प्रतीक्षा, प्राची, पूर्वी, अपूर्वा, वन्या, बालांश व कक्षा सात से विनायक, यश, प्राची, और कक्षा आठ से अभिराज, कक्षा नौ से राधा, दिव्यांशी, संदीप, तन्वी, तनया, कक्षा दस से सूर्यांश, कक्षा बारह से अभिरुचि व अर्पिता आदि ने नयनाभिराम कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। संचालन शिक्षिका गीतम मिश्रा ने कियाI संस्थापक डॉ. सोम शेखर दीक्षित, डायरेक्टर प्रखर दीक्षित ने कहा कि संस्कृति किसी भी राष्ट्र की पहचान होती हैI प्रधानाचार्य एमएम नकवी ने आभार व्यक्त किया।
पिहानी के सरस्वती शिशु मंदिर में राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता में कृष्ण गुप्ता, तान्या वाजपेयी, तेजस्वनी मिश्रा, अभि अग्निहोत्री व अभिनव यादव को प्रथम स्थान मिला। पल्लवी सिंह, नव्या अवस्थी, अखंड शेखर व विदिशा द्वितीय, स्पूर्ति, कृतिका गुप्ता, शिवा राठौर, राधिका भारती तृतीय स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि पिंकी अवस्थी व प्रदीप अवस्थी व गोपाल गुप्ता ने विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया।