हरदोई। प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई ग्रामीण) आवास आवंटन और लाभार्थी की किस्त पर बीडीओ की ओर से रोक लगाए जाने के प्रकरण की अब तीन सदस्यीय समिति को जांच सौंपी गई है। सीडीओ ने सदर एसडीएम की अध्यक्षता में समिति का गठन करते हुए विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत बलेहरा में राजवती पत्नी राजेश कुमार सिंह को पीएमएवाई में आवास आवंटित किया गया है। सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने बताया कि आवास आवंटन के बाद भी आईजीआरएस पर गलत रिपोर्ट दी गई थी। बीडीओ ने द्वितीय किस्त पर रोक भी लगाई थी। इस प्रकरण में सेक्टर अधिकारी एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि, प्रधान को नोटिस और पंचायत सचिव को निलंबित किए जाने के आदेश दिए हैं।
बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सदर एसडीएम स्वाति शुक्ला की अध्यक्षता में तीन सदस्यीस समिति में डीआरडीए के परियोजना निदेशक गजेंद्र कुमार तिवारी और श्रम रोजगार उपायुक्त रवि प्रकाश सिंह को नामित किया गया है। समिति स्थलीय जांच, लोगों के बयान आदि दर्ज कर रिपोर्ट प्राप्त कराएगी। बताया कि बीडीओ के जवाब और समिति की जांच रिपोर्ट के परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।