हरदोई। बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री के नाम पर चल रही खानापूर्ति के संबंध में एक लेखपाल का ऑडियो वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में लेखपाल कह रहा है कि राहत सामग्री को लेकर नहीं है सरकार की व्यवस्था। इसके बाद जिला प्रशासन ने उसे निलंबित कर दिया है।
वायरल ऑडियो में तहसील शाहाबाद में तैनात एक लेखपाल से बाढ़ पीड़ित ने फोन पर खाने की व्यवस्था को लेकर की बात की तो, लेखपाल ने सरकार की व्यवस्था न होने की बात कह दी। फोन करने वाले बाढ़ प्रभावित ने इसकी मोबाइल में रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद ऑडियो को वायरल कर दिया। वायरल ऑडियो में लेखपाल फोन पर कह रहा है कि डीएम के निरीक्षण में चले गए हैं 500 पैकेट, अब नहीं कोई व्यवस्था है। लेखपाल शाहाबाद तहसील के पिपरिया के परियल हंसुआ क्षेत्र में तैनात राजीव मिश्रा बताए गए हैं। इस वायरल ऑडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। शाहाबाद एसडीएम पूनम भास्कर ने बताया कि लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।