हरदोई। निकाय चुनाव जनपद में शांतिपूर्वक हुआ, मगर कुछ स्थानों पर फर्जी मतदान को लेकर विवाद हुआ। माधौगंज में निर्दलीय प्रत्याशी धरने पर बैठ गए। वहीं, सांडी में समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। जिस पर पुलिस व अधिकारियों ने शांत कराया। इसके अलावा सदर में सपा प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता के साथ भी मारपीट होने की बात सामने आ रही है, मगर रामज्ञान ने इस पर कुछ भी कहने से इन्कार किया है। सांडी में संवेदनशील बूथ संख्या तीन पर बसपा के बस्ते पर फर्जी वोट डलवाने को लेकर बसपा व भाजपा समर्थकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। थानाध्यक्ष राजदेव मिश्रा व अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर एसडीएम बिलग्राम नारायण थारू मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की।
वहीं, बूथ के बाहर बसपा व भाजपा के बीच गाली गलौज हुई। खालसा बूथ से 100 मीटर दूरी पर कोटेदार के घर के बाहर बसपा का बस्ता लगा था, जहां पर्ची काटी जा रही थी। वहां भाजपा कार्यकर्ता खड़े थे। देखते ही देखते कहासुनी के बाद अचानक मारपीट होने लगी। जिसकी सूचना पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक भाजपा के लोग भाग निकले। हालांकि मारपीट में किसी के द्वारा शिकायत न किए जाने की बात थानाध्यक्ष राजदेव मिश्र ने कही है।
आरोप है कि बसपा के बस्ता पर फर्जी वोट डलवाने के मामले को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। एसडीएम नारायण थारू बसपा समर्थक निधीश अग्निहोत्री की सूचना पर बूथ व घटना स्थल का निरीक्षण किया।
माधौगंज में भाजपा के निष्कासित और निर्दलीय प्रत्याशी अनुराग मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट के कैंपस से बाहर किए जाने को लेकर धरना शुरू कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। आरोप है कि निर्दलीय प्रत्याशी वोट डालने वालों पर अपने पक्ष में वोट करने के लिए बूथ पर दबाव बना रहे थे, इसको लेकर वहां मौजूद सेक्टर मजिस्ट्रेट ने निर्दलीय प्रत्याशी को वोटर पर दबाव न बनाने की चेतावनी दी और बाहर जाने के लिए कहा। इसको लेकर अनुराग मिश्रा ने कैंपस में ही धरना शुरू कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद अनुराग मिश्रा ने धरना समाप्त कर अपने साथियों को बाहर भेज दिया।