हरदोई जिले में कोतवाली देहात क्षेत्र के कपूरपुर गांव में 11 वर्षीय बालक की नीर गांव में स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन गांव के ही एक दंपती पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस परिजनों के आरोपों को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि बीमारी के चलते मौत हुई है।
कपूरपुर गांव निवासी सत्यराम ने बताया कि उनका 11 वर्षीय पुत्र अनूप आठ जुलाई की शाम को गांव के बाहर खेल रहा था। जहां पर बच्चों में विवाद हो गया। इसमें अनूप के सिर में चोट आई थी। आरोप है कि जिस बच्चे ने अनूप को पीटा था। उसी के माता-पिता ने उसकी पिटाई कर दी। हालत बिगड़ने पर गांव में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां पर इलाज के दौरान बुधवार की शाम पांच बजे अनूप की मौत हो गई इस पर परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के दो लोगों पर पीटने का आरोप लगाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। कोतवाल राजवीर सिंह का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह साफ होगी। फिलहाल पिटाई से नहीं बल्कि बीमारी के चलते बालक की मौत हुई है जांच की जा रही है।