हरदोई। राजस्व निरीक्षक की लापरवाही से चेक एक्सपयार हो गई। इससे कृषि गणना और इनपुट सर्वे करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है। इस पर संडीला एसडीएम ने संबंधित राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी की है।
वर्ष 2015-16 में कराई गई कृषि गणना और वर्ष 2016-17 में इनपुट सर्वे में लगाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों के मानदेय भुगतान के लिए भूलेख अनुभाग की ओर से सात फरवरी को पांच लाख 52,600 रुपये की चेक जारी की गई थी। वैसे चेक को संडीला तहसीलदार के नाम से थी, लेकिन चेक को कार्यालय के राजस्व निरीक्षक अपने पास दबाए रहे। संडीला एसडीएम को इसकी जानकारी जुलाई में हुई तो, पता चला की चेक एक्सपायर डेट हो चुकी है। इससे भुगतान हो पाना संभव नहीं है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
एसडीएम पूनम भास्कर ने कार्यालय के राजस्व निरीक्षक राजकिशोर मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी की है। कहा है कि चेक की राशि का भुगतान न कराए जाने के कारणों की जानकारी एक सप्ताह में तलब की है। चेतावनी दी है कि जवाब न आने व संतोषजनक न होने पर विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित कर दी जाएगी।