हरदोई। जनपद के चर्चित दोहरे हत्याकांड में 12 आरोपियों पर बुधवार को आरोप तय हो गए। जिला जज राजकुमार सिंह ने वादी पक्ष की गवाही के लिए पांच दिसंबर की तारीख नियत की है। मझिला थानाक्षेत्र में 22 मार्च 2023 को चुनावी रंजिश में दिनदहाड़े प्रधान के भतीजे और एलएलबी छात्र की हत्या हो गई थी।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सूरज पाल सिंह ने बताया कि मझिला थानाक्षेत्र के पारा गांव निवासी अनिल शुक्ला का आरोप है कि उनका बेटा अमित एलएलबी का छात्र था। 22 मार्च 2023 को गांव के प्रधान नंदलाल कुशवाहा के भतीजे रमाकांत व संतोष कुशवाहा के साथ बाइक से ब्लॉक मुख्यालय टोडरपुर से लौट रहा था। इसी बीच गांव के रनवीर प्रताप सिंह उर्फ राजा बाबू, वीरेंद्र सिंह उर्फ बड़े सिंह, जितेंद्र सिंह उर्फ बड़क्के सिंह, यशवेंद्र सिंह उर्फ छुटक्के सिंह, नीरज सिंह, सूरज सिंह, कल्लू सिंह उर्फ कुलदीप, राघव सिंह, दानबहादुर उर्फ धन्ना सिंह बोलेरो से आए और बीच रास्ते में रोककर तीनों पर हमला कर दिया।
आरोप है कि बांके और पेचकस से प्रहार करने के बाद बोलेरो से कुचल दिया था। मरणासन्न हालत में तीनों को खाई में फेंक दिया था। घटना में अमित और रमाकांत की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि संतोष घायल हो गया था। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। विवेचना में पुरुषोत्तम, कुलदीप, सौरभ का नाम भी घटना में सामने आया था।
इसके बाद पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किए थे। बुधवार को सभी आरोपियों को कोर्ट में हाजिरी के लिए तलब किया गया। इसी के साथ इन पर आरोप तय कर दिए गए। आरोपियों ने लगे हुए आरोपों से इंकार करते हुए विचारण की मांग की है। इसी के चलते जिला जज ने पांच दिसंबर को वादी पक्ष को गवाही के लिए तलब किया है।