हरदोई। वरासत के बिना विवाद वाले मामलों के निस्तारण में भी लेखपाल मनमानी कर रहे हैं। ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों को डिफाल्टर श्रेणी में रखने पर दो लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि और दो लेखपालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
राजस्व परिषद की ओर से वरासत के ऑनलाइन आवेदनों में बिना विवाद वाले मामलों को एक सप्ताह में निस्तारित किए जाने की समयसीमा दी गई है। तहसील संडीला में तहसीलदार की ओर से ऑनलाइन पोर्टल की समीक्षा में पिजरावां क्षेत्र के लेखपाल विनोद कुमार के पास एक आवेदन सात दिन की अवधि के बाद का डिफाल्टर श्रेणी में मिला। ऐसे ही महुआडांडा और टिकराकला के लेखपाल सर्वेश कुमार के पोर्टल पर भी सात दिन की समयावधि पार के दो आवेदन मिले। तहसीलदार की आख्या पर संडीला एसडीएम तान्या ने दोनों लेखपालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
एसडीएम ने विभागीय कार्रवाई के साथ ही संडीला क्षेत्र के नायब तहसीलदार को जांच अधिकारी नामित किया है। जांच के साथ ही 15 दिन के अंदर आरोप पत्र प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी सौंपी है। बताया कि सिकंदरपुर व जाजूपुर क्षेत्र के लेखपाल राकेश कुमार अस्थाना के पास रामदासपुर और ऊगपुर व काकूपुर के लेखपाल नैमिष पांडेय के पास ऊगपुर का एक आवेदन बिना विवाद का लंबित मिला है। इस पर दोनों लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।