बेहटा गोकुल। थाना क्षेत्र में बीती 27 जुलाई को दो साल की मासूम से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। लंबे समय बाद ऐसा हुआ है जब पुलिस ने किसी वारदात में चंद दिनों के अंदर ही चार्जशीट दाखिल कर दी है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की पोती (02) बीती 27 जुलाई की देर शाम मकान के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी उसे अमरूद दिलाने के बहाने साथ ले गया। इसी दौरान युवक ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। मासूम की हालत बिगड़ी तो वह उसे छोड़कर फरार हो गया। मासूम को तलाशते हुए उसकी दादी मौके पर पहुंची तो घटना का पता चला। पुलिस ने 29 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना की विवेचना थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिशंकर वर्मा को सौंपी गई थी।
एसपी राजेश द्विवेदी ने घटना को लेकर जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पूरे मामले में आरोपी के खिलाफ मंगलवार को चार्जशीट दाखिल कर दी गई ।ऐसे में अब न्यायालय में भी इस घटना का ट्रायल जल्द शुरू हो सकेगा और पीड़ित को जल्द न्याय मिलने में मदद मिलेगी।