हरदोई। मिड-डे-मील योजना के तहत बच्चों को पका पकाया भोजन उपलब्ध न कराने पर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य व प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
मिड-डे मील योजना के तहत राजकीय व एडेड विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों काे पका पकाया भोजन उपलब्ध कराया जाता है। जिसके लिए विभाग की ओर से खाद्यान्न व परिवर्तन लागत की धनराशि विद्यालय को भेजी जाती है। विकास खंड कछौना में संचालित जनता इंटर कॉलेज कछौना में भी मिड-डे मील के तहत खाद्यान्न व धनराशि भेजी गई। मगर विद्यालय में आपसी विवाद के कारण बच्चों को पका पकाया भोजन नहीं दिया जा रहा था। विद्यालय में 13 जुलाई से भोजन पकाना बंद कर दिया गया। इससे विद्यार्थियों को भोजन नहीं मिल पा रहा था।
इस संबंध में मिड-डे मील प्रकोष्ठ की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को जानकारी दी गई। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से विद्यालय प्रधानाचार्य व प्रबंधक को विद्यालय में भोजन बनवाने के लिए निर्देशित किया गया। मगर इसके बावजूद विद्यालय में भोजन नहीं पकाया गया। इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक को जिलाधिकारी को मामले की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्य से 30 अगस्त को वार्ता की, जिस पर विद्यालय प्रधानाचार्य ने भोजन बनवाने का आश्वासन दिया। मगर विद्यालय में 31 अगस्त से छह सितंबर तक भोजन बनवाने के बाद बंद कर दिया। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी कछौना की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। इसमें विद्यालय प्रधानाचार्य शिवानी शर्मा और प्रबंधक रेखा अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही गई। उन पर सर्वोच्च न्यायालय और उच्चाधिकारी के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है।