फोटो-25- पलटी कार को देखते पुलिस कर्मी
- फोटो : HARDOI
भरावन (हरदोई)। अतरौली भटपुर मार्ग पर गुरुवार की देर शाम ई रिक्शा को बचाने में कार सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई। इसमें सीतापुर के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया गया। दो की हालत नाजुक होने से लखनऊ रेफर कर दिया गया। कार सवार बरात में शामिल होने जा रहे थे।
सीतापुर के थाना कमलापुर के भिठौली निवासी सचिन (30), कार चालक सिधौली निवासी उज्जवल (24), खैराबाद निवासी संजय (30), गोविंद (28), सिधौली निवासी विशाल पांडेय (26) गुरुवार को कार से अपने साथी सीतापुर निवासी प्रियांशू की बारात में शामिल होने के लिए संडीला जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में अतरौली की ओर से ई रिक्शा आ रहा था। इसे बचाने के प्रयास में कार्र इंट भठ्ठा पत्थर ताली के पास अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गई।
रास्ते से गुजर रहे लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सचिन की मौके पर मौत हो गई। जबकि अन्य चार साथियों को स्थानीय सीएचसी पर भर्ती कराया गया। यहां पर डॉक्टर ने संजय व गोविन्द की हालत नाजुक होने से लखनऊ रेफर कर दिया गया। कोतवाल ने बताया क्षति ग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।
सचिन की पत्नी कोमल को इस हादसे की सूचना मिली तो वह बदहवास हो गई। कोमल की गोद में एक साल का बेटा है। जिसने अभी पिता का दुलार भी नही देखा। उसके सिर से पिता साया सदा सदा के लिए उठ गया। इस दृष्य का को देखकर हर किसी की आंखे नम हो गईं।